खरखौदा, सोनीपत ( भा. सं.) । आमजन की शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से खरखौदा उपमंडल में एसडीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं।
समाधान शिविर में एक शिकायत बिजली बिल की गलत रीडिंग के कारण राशन कार्ड कटने से संबंधित प्राप्त हुई। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायत का समाधान करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एक शिकायत प्लाट पर अवैध कब्जा करने के प्रयास से संबंधित प्राप्त हुई, जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) को भेज दिया गया। वहीं ग्राम पंचायत क्षेत्र में गली निर्माण कार्य में नई व पुरानी ईंटों के उपयोग संबंधी शिकायत प्राप्त हुई, जिसे जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित बीडीपीओ को भेजा गया।
एक अन्य शिकायत पंचायत क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी उठाने के संबंध में प्राप्त हुई, जिस पर कार्रवाई के लिए संबंधित बीडीपीओ को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही शादीशुदा लड़कियों के वोट कटवाने से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई, जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित निर्वाचन अधिकारी को भेज दिया गया।
शिविर के दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजकर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम अमित कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और उसे समयबद्ध तरीके से राहत मिले।
उन्होंने कहा कि आमजन द्वारा दी गई शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय अवधि में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जा रहा है।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त जोगिंदर शर्मा, तहसीलदार विजेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अचिन, एमिनेंट पर्सन सुनील पांचाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।