लालू-राबड़ी की Z+ सुरक्षा खत्म, तेज प्रताप को सिर्फ एक बॉडीगार्ड बिहार सरकार के फैसले से सियासत में हलचल
पटना, (भा. सं.)। बिहार की राजनीति से जुड़ा एक बड़ा फैसला सामने आया है। राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की Z+ श्रेणी की सुरक्षा समाप्त कर दी है। गृह विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में हुई गृह विभाग की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके तहत अब लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को बिहार पुलिस की ओर से विशेष सुरक्षा ही प्रदान की जाएगी।
तेज प्रताप की सुरक्षा में कटौती
सरकार के इस फैसले का असर लालू परिवार के अन्य सदस्यों पर भी पड़ा है। लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की सुरक्षा घटाकर अब केवल एक बॉडीगार्ड कर दी गई है। इससे पहले उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी।
तेजस्वी यादव की सुरक्षा यथावत
हालांकि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें पहले की तरह वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी। साथ ही उनकी पत्नी राजश्री यादव और बहन मीसा भारती की सुरक्षा व्यवस्था भी यथावत रखी गई है।
लालू प्रसाद को मिलेगी यह सुरक्षा
नई व्यवस्था के तहत लालू प्रसाद यादव के साथ बीसैप के 2 से 8 हाउस गार्ड, पटना जिला बल से 2 बॉडीगार्ड, एचक्यूआरटी से पायलट व बुलेटप्रूफ वाहन तथा एस्कॉर्ट की व्यवस्था रहेगी।
राबड़ी देवी को ज्यादा सुरक्षा
वहीं, राबड़ी देवी को बीसैप के 2-8 हाउस गार्ड, तीन महिला बॉडीगार्ड, तीन वर्दीधारी सुरक्षाकर्मी, बुलेटप्रूफ कार और एस्कॉर्ट उपलब्ध रहेगा। वर्तमान में वह बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं, जिसके चलते उनकी सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत अधिक रखी गई है।
बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
सरकार के इस फैसले के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इसे लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
Bhartiya Samvad