श्रावस्ती : साइबर ठगी के शिकार युवक को श्रावस्ती पुलिस ने वापस कराए रुपए, युवक ने पुलिस को दिया धन्यवाद
श्रावस्ती ( भा. सं) । । साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में श्रावस्ती पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल थाना इकौना ने तत्परता दिखाते हुए साइबर ठगी के शिकार युवक की ₹19,084 की धनराशि उसके बैंक खाते में वापस करा दी।
पुलिस के अनुसार कस्बा इकौना निवासी विक्रमजीत गुप्ता पुत्र दीपक गुप्ता ने 4 एवं 8 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने यूपीआई (UPI) के माध्यम से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में उनके बैंक खाते से ₹20,000 की धोखाधड़ी कर ली थी।शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल थाना इकौना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी एवं विधिक कार्रवाई शुरू की। मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक एवं अन्य संस्थाओं से समन्वय स्थापित किया गया।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में ₹19,084 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई, जिससे पीड़ित ने श्रावस्ती पुलिस का आभार व्यक्त किया।श्रावस्ती पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज होने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
Journalist Muzammil Ahmad