सोनीपत: ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए दलालों से रहें दूर, स्वयं लेंगे ड्राइविंग टेस्ट : एसडीएम अंकित कुमार* 

सोनीपत: ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए दलालों से रहें दूर, स्वयं लेंगे ड्राइविंग टेस्ट : एसडीएम अंकित कुमार* 
गोहाना / सोनीपत( भा. सं.)। गोहाना के एसडीएम अंकित कुमार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए किसी भी प्रकार के दलाल या बिचौलिए के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है तथा पात्र आवेदकों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही लाइसेंस प्रदान किए जाते हैं।
एसडीएम अंकित कुमार ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का ड्राइविंग टेस्ट निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से लिया जाता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं ड्राइविंग टेस्ट प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं तथा वाहन चालक लाइसेंस के लिए नागरिकों को यातायात के मूलभूत नियमों का पता होना तथा सही से ड्राइविंग आना बहुत ही जरूरी है। इस प्रकार के दलालों से दूरी व ड्राइविंग लाइसेंस परीक्षा में निष्पक्षता का होना भविष्य में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करता है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग जल्दी लाइसेंस बनवाने या बिना ड्राइविंग किए टेस्ट पास कराने का झूठा लालच देकर नागरिकों से पैसे लूटने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। यदि कोई व्यक्ति ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर अवैध धनराशि की मांग करता है तो इसकी जानकारी सीधे एसडीएम अंकित कुमार को दें। ऐसा करने वाले के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि केवल योग्य और वाहन चलाने में सक्षम व्यक्तियों को ही ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से नियमों का पालन करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने और किसी भी प्रकार के दलाल से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया।