सोनीपत: बारिश बनी काल: छत पर पन्नी डालने चढ़े मजदूर की करंट लगने से मौत

सोनीपत: बारिश बनी काल: छत पर पन्नी डालने चढ़े मजदूर की करंट लगने से मौत

सोनीपत(भा. सं.)। जिले के गांव जैनपुर में बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर की टपकती छत को बचाने के लिए पन्नी डालने छत पर चढ़े 40 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर परवीन की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के कारण परवीन के घर की छत से पानी टपक रहा था। वह बारिश का पानी रोकने के लिए छत पर पन्नी बिछा रहा था। इसी दौरान घर के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के कारण गटर में करंट आने का आरोप है। करंट की चपेट में आते ही परवीन गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक के बड़े भाई रामकरण ने बताया कि घर के समीप से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन लंबे समय से हादसे को न्योता दे रही थी। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

परवीन दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब 19 वर्ष पहले पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद वह अकेले ही अपनी शादी योग्य बेटी का सहारा बना हुआ था। अब उसकी असमय मौत से बेटी के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव के लोगों ने भी इस दुखद हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।