बलरामपुर: मदरसा शिक्षा परिषद: मुंशी,मौलवी व आलिम 2026 कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 जुलाई तक

बलरामपुर: मदरसा शिक्षा परिषद: मुंशी,मौलवी व आलिम 2026 कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 जुलाई तक

बलरामपुर (भा.सं.)। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ के निर्देशानुसार मुंशी, मौलवी (सेकेंडरी) एवं आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा- 2026 के उन परीक्षार्थियों के लिए कम्पार्टमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी जो अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे हैं। कम्पार्टमेंट परीक्षा हेतु ऑनलाइन आवेदन संबंधित मदरसों के माध्यम से स्वीकार किए जाएँगे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि परीक्षा के लिए संस्थागत व व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के अलग अलग शुल्क निर्धारित किए गए हैं। मुंशी, मौलवी संस्थागत अभ्यर्थियों के लिए प्रति विषय शुल्क 200 रूपया और व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के लिए 250 रूपया है वहीं आलिम संस्थागत अभ्यर्थियों के लिए प्रति विषय 250 रूपया और व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के लिए 300 रूपया निर्धारित किया गया है। भुगतान ट्रेजरी चालान के माध्यम से करना होगा।

 महत्वपूर्ण तिथियाँ इस प्रकार हैं..

  • ट्रेजरी चालान जमा करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई 2026,
  • ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026,
  • संबंधित मदरसों द्वारा पूर्ण आवेदन पत्र जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने की अंतिम तिथि 03 अगस्त 2026
  • तथा जिला स्तर से आवेदन अग्रसारित लॉक करने की अंतिम तिथि 07 अगस्त 2026।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कम शुल्क जमा करने, अपूर्ण आवेदन या निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे। 

 आवेदन केवल संबंधित मदरसे में जमा किए जाएंगे और मदरसा प्रबंधन उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगिन कर अग्रसारित करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि कम्पार्टमेंट परीक्षा केवल लिखित होगी और उसमें वही परीक्षार्थी आवेदन कर सकेंगे जो अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित रहे हों। परीक्षा की तिथि व अन्य निर्देश बाद में जारी किए जाएँगे।

  जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने समस्त मदरसा प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से अनुरोध किया है कि वे पात्र परीक्षार्थियों को समय पर आवेदन कराने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें ताकि किसी विद्यार्थी को असुविधा न हो और प्रक्रिया समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से पूरी हो सके।