सोनीपत: खरखोदा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों को किया जागरूक, अगले दो दिनों में एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने की अपील*

सोनीपत: खरखोदा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों को किया जागरूक, अगले दो दिनों में एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने की अपील*

खरखोदा, सोनीपत ( भा. सं.)। उपमंडल अधिकारी (ना.) एवं निर्वाचन पंजीयन अधिकारी, खरखोदा अमित भारद्वाज ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा करवाने का आह्वान किया।

एसडीएम अमित भारद्वाज ने गुरुवार को फिरोजपुर बांगर सहित खरखोदा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों को एसआईआर-2026 अभियान की प्रक्रिया, उद्देश्य एवं महत्व की विस्तार से जानकारी दी तथा बताया कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से स्वयं समय पर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं ने अभी तक अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कराया है, वे अगले दो दिनों के भीतर अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा निर्धारित केंद्र पर आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना फॉर्म अवश्य जमा करवाएं। समय पर फॉर्म जमा होने से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा।

एसडीएम अमित भारद्वाज ने कहा कि प्रशासन द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं तथा पात्र नागरिकों को फॉर्म भरने एवं जमा करवाने में हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अपने बीएलओ अथवा निर्वाचन कार्यालय से सही जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

इस अवसर पर बीडीपीओ सुरेंद्र आर्य भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी ग्रामीणों से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा अगले दो दिनों के भीतर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा करवाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं की सक्रिय सहभागिता से ही शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सकेगी।