फीफा विश्व कप : क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं आठ टीमें, चार पूर्व चैंपियनों पर रहेंगी निगाहें
अटलांटा (भा.सं.)। फीफा विश्व कप 2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच गया है। अब तक खेले गए मुकाबलों के बाद आठ टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही हैं, जिनमें चार पूर्व विश्व चैंपियन भी शामिल हैं। शुक्रवार से शुरू होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सभी टीमें सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने के लिए पूरा दमखम लगाएंगी।
विश्व कप में कुल 104 मैच खेले जाने हैं, जिनमें से 96 मुकाबले पूरे हो चुके हैं। 40 टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं और अब केवल आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें ही खिताब की दौड़ में बची हैं। इनमें से चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि दो टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी।
क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली टीमों में फ्रांस, मोरक्को, स्पेन, बेल्जियम, नॉर्वे, इंग्लैंड, अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड शामिल हैं। इनमें छह टीमें यूरोप से हैं, जबकि अर्जेंटीना और मोरक्को अन्य महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों का कार्यक्रम
- 10 जुलाई (रात 1:30 बजे) : फ्रांस बनाम मोरक्को
- 11 जुलाई (रात 12:30 बजे) : स्पेन बनाम बेल्जियम
- 12 जुलाई (सुबह 2:30 बजे) : नॉर्वे बनाम इंग्लैंड
- 12 जुलाई (सुबह 6:30 बजे) : अर्जेंटीना बनाम स्विट्जरलैंड
इन मुकाबलों के विजेता सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगे।
क्वार्टर फाइनल में पहुंची आठ टीमों में अर्जेंटीना, फ्रांस, इंग्लैंड और स्पेन पहले भी विश्व कप का खिताब जीत चुकी हैं। अर्जेंटीना ने 1978, 1986 और 2022 में तीन बार, फ्रांस ने 1998 और 2018 में दो बार, जबकि इंग्लैंड (1966) और स्पेन (2010) ने एक-एक बार विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया है।
वहीं मोरक्को, बेल्जियम, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड पहली बार विश्व कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। मोरक्को ने 2022 विश्व कप में सेमीफाइनल तक का सफर तय कर इतिहास रचा था। बेल्जियम 2018 में तीसरे स्थान पर रहा था, जबकि स्विट्जरलैंड कई बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के बावजूद फाइनल का टिकट नहीं हासिल कर सका। नॉर्वे ने पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।
अब फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या कोई पूर्व विश्व चैंपियन एक बार फिर खिताब पर कब्जा करेगा या फिर इस बार विश्व फुटबॉल को नया चैंपियन मिलेगा।
Bhartiya Samvad