सोनीपत: पीएम स्वनिधि योजना से अधिक से अधिक पात्र रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को जोडक़र बनाएं उन्हें आत्मनिर्भर-नगराधीश सिमरन*

सोनीपत: पीएम स्वनिधि योजना से अधिक से अधिक पात्र रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को जोडक़र बनाएं उन्हें आत्मनिर्भर-नगराधीश सिमरन*
सोनीपत (भा. सं.)। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र रेहड़ी एवं फड़ी विक्रताओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को लघु सचिवालय में नगराधीश सिमरन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निगरानी एवं कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत बैंकों को भेजे गए आवेदनों की समीक्षा करते हुए नगराधीश सिमरन ने संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सके।
 नगराधीश सिमरन ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी एवं फड़ी विक्रताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को बिना गारंटी आसान शर्तों पर तीन चरणों में 15 हजार, 25 हजार तथा 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को ब्याज अनुदान, डिजिटल लेन-देन पर कैशबैक तथा अगले चरण के अधिक ऋण का लाभ भी मिलता है। योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना ही नहीं, बल्कि रेहड़ी एवं फड़ी विक्रताओं को डिजिटल लेन-देन से जोडक़र उनके व्यवसाय को सशक्त बनाना भी है।
 उन्होंने सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों तथा शहरी निकाय विभाग के सचिवों को निर्देश दिए कि शहरी निकाय क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इस योजना में गांव बैंयापुर व बढमलिक को भी शामिल किया गया है इसलिए इन गांवों में पात्र रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं की पहचान कर उन्हें योजना के लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
 नगराधीश ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से लाभार्थियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, वन नेशन-वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड जैसी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त डिजिटल भुगतान का प्रशिक्षण तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं योजना की सुविधाओं के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र रेहड़ी-फड़ी विक्रेता को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
 इस मौके पर नगर निगम सोनीपत से सीपीओ राकेश कादियान, नगर पालिका गन्नौर से सचिव प्रदीप कुमार, नगर पालिका खरखौदा से सचिव मनीष रेढू, एलडीएम कार्यकाल से रविकांत, एसबीआई बैंक से हर्षिता, नगर परिषद गोहाना कार्यालय से सिलक राम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।