सोनीपत: हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में चार पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 जुलाई तक बढ़ी
राई/सोनीपत ( भा. सं.)। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई ने विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि को देखते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, स्पोर्ट्स साइकोलॉजी तथा स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन के पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 जुलाई 2026 कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि बड़ी संख्या में मिल रहे आवेदनों और अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
विश्वविद्यालय के अनुसार अब तक करीब 1400 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें 27 प्रतिशत महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। इनमें 70 अंतरराष्ट्रीय और 780 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भी आवेदन किया है। वहीं, बीपीईएस एवं बीएससी (स्पोर्ट्स साइंस) पाठ्यक्रमों के लिए 500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग के विभिन्न खेलों में कुल 750 आवेदन आए हैं, जिनमें सबसे अधिक 120 से ज्यादा आवेदन एथलेटिक्स के लिए मिले हैं। कुश्ती, कबड्डी, बॉक्सिंग और शूटिंग में भी अच्छी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि खेल अब केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं, बल्कि व्यापक करियर का क्षेत्र बन चुका है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन, व्यावहारिक प्रशिक्षण, शोध, उद्योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से 25 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
KOHARSUNIL