डीएम के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई इटैहिया में हेंगहा नाले की खुदाई से जलभराव पर राहत

बलरामपुर (भा.सं.)। संभावित बाढ़ और जलभराव की घटनाओं से जनसाधारण को सुरक्षित रखने व राहत-बचाव व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन ने कोडरी घाट, राप्ती नदी तथा पहाड़ी खरझार नाला (लोपनिया ब्रिज) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ग्राम इटैहिया भी पहुँचे और हेंगहा नाले के कैचमेंट क्षेत्र में निर्माण कार्यों के कारण उत्पन्न स्थानीय जलभराव की स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण में स्पष्ट हुआ कि जलभराव पूरे गांव में नहीं, बल्कि एक सीमित क्षेत्र तक सीमित है। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी मार्गों में किसी भी प्रकार का अवरोध न रहने पाए और समस्या का त्वरित तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के तुरंत बाद बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग तथा राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से कार्यवाही आरम्भ कर दी। ग्राम इटैहिया में जेसीबी मशीनों की सहायता से हेंगहा नाले के कैचमेंट क्षेत्र में खुदाई कर जल प्रवाह के मार्ग को साफ किया जा रहा है, ताकि वर्षा का पानी सुचारु रूप से निकल सके और ग्रामीणों को शीघ्र राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि कार्य गुणवत्ता और गति दोनों में पूरा ध्यान रखा जाए तथा क्षेत्र की नियमित निगरानी जारी रखी जाए, ताकि मानसून के दौरान जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से पहले ही प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित कर जनसामान्य की सुरक्षा व सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।