सोनीपत ( भा. सं.) । कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। पीपली गांव के पास ईंटों से भरे ट्रक से टकराने के बाद स्विफ्ट कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मेरठ (उत्तर प्रदेश) से कलायत (कैथल) जा रहा परिवार रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। बताया गया है कि परिवार मृतका शकुंतला के मायके जा रहा था। इसी दौरान पीपली गांव के पास कार आगे चल रहे ईंटों से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में पवन पुत्र देवकीनंदन, उसकी पत्नी शकुंतला और बेटी अंजू निवासी मेरठ की मौत हो गई। वहीं शिवम पुत्र विनोद निवासी यमुनानगर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शिवम मृतक पवन की साली का बेटा बताया जा रहा है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों व मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खरखौदा पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
KOHARSUNIL