सोनीपत: 15 दिन से बिजली संकट: भीषण गर्मी में वाल्मीकि बस्ती के लोगों का सब्र जवाब

सोनीपत: 15 दिन से बिजली संकट: भीषण गर्मी में वाल्मीकि बस्ती के लोगों का सब्र जवाब
सोनीपत/ गोहाना। वार्ड नंबर-11 स्थित वाल्मीकि बस्ती में पिछले 15 दिनों से लगातार बनी बिजली की समस्या ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो सका। हाल ही में बिजली बाधित होने पर विभाग को सूचना दी गई, लेकिन समय पर कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। मजबूरी में क्षेत्रवासियों को निजी बिजली मिस्त्री बुलाकर व्यवस्था दुरुस्त करानी पड़ी।
बस्ती के लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पर्याप्त बिजली के खंभे और मजबूत लाइन व्यवस्था नहीं होने के कारण बार-बार तारों में खराबी आ जाती है। स्थानीय पार्षद ने बताया कि शिकायत मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया था, लेकिन कर्मचारियों की ओर से समय पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द स्थायी समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।