सोनीपत (भा. सं.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत 29-राई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में एन्यूमरेशन फार्म (ईएफ) के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में लगातार तेजी से किया जा रहा है। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) मनीष मलिक के नेतृत्व में निर्वाचन अमला निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। अब तक विधानसभा क्षेत्र में 58.50 प्रतिशत एन्यूमरेशन फार्म का डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
डीडीपीओ ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में डिजिटाइजेशन कार्य की गति में वृद्धि हुई है। सभी बीएलओ, सुपरवाइजर तथा निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी एवं कर्मचारी युद्धस्तर पर कार्य करते हुए शेष कार्य को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सही एवं अद्यतन विवरण सुनिश्चित कर निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होंने बताया कि बूथ संख्या-1 (मलिकपुर) की बीएलओ राजवंती ने 29 जून को निर्धारित समय-सीमा से पहले ही अपने बूथ के 100 प्रतिशत एन्यूमरेशन फार्म का डिजिटाइजेशन पूरा कर जिले में सबसे पहले यह उपलब्धि हासिल की। उनके उत्कृष्ट एवं समयबद्ध कार्य को देखते हुए जिला उपायुक्त को प्रशंसा-पत्र प्रदान किए जाने की अनुशंसा भेजी गई है। इसी प्रकार बूथ संख्या-163 (खुरामपुर) के बीएलओ श्री सतपाल ने भी 06 जुलाई को अपने बूथ का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा कर अनुकरणीय कार्य का परिचय दिया। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने दोनों बीएलओ, उनके सुपरवाइजरों तथा निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणास्रोत है।
अभियान की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी द्वारा राई विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, कुंडली स्थित हाई-राइज़ आवासीय सोसायटियों तथा विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) का लगातार दौरा किया जा रहा है। इस दौरान बीएलओ, सुपरवाइजर, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर एन्यूमरेशन फार्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा की जा रही है तथा आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरण, मृत व डुप्लीकेट) श्रेणी से संबंधित मतदाताओं की रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है। पारदर्शिता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इस सूची को संबंधित बूथों के सार्वजनिक स्थलों, ग्राम पंचायत भवनों, सामुदायिक भवनों तथा आरडब्ल्यूए कार्यालयों में चस्पा किया जाएगा। यदि किसी मतदाता का नाम इस सूची में अंकित है और वह स्वयं को उसी पते पर निवासरत एवं पात्र मतदाता मानता है तो वह संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराए, ताकि नियमानुसार सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजरों एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शेष डिजिटाइजेशन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करें। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपने-अपने बीएलओ को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दें।