60 लाख की अफीम संग छह तस्कर गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान छह नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.024 किलोग्राम अफीम बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद कर आरोपियों को जेल भेज दिया।
लखीमपुर खीरी, (भा. सं) । निघासन कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान छह नशा तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 किलो 24 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस सहते पुरवा मोड़ के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार छह व्यक्तियों के पास से दो पैकेटों में कुल 3.024 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुबेग सिंह उर्फ काला पुत्र चंचल सिंह, सारज सिंह पुत्र चंचल सिंह (निवासी दारा बोझी), पारस सिंह पुत्र स्वर्गीय साहब सिंह, देवेंद्र सिंह पुत्र साहब सिंह (दोनों निवासी सुथना बरसोला), गुरनैब सिंह पुत्र महल सिंह तथा अंग्रेज सिंह पुत्र अमरीक सिंह (निवासी दारा बोझी, थाना तिकुनिया, जनपद खीरी) के रूप में हुई है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवम कुमार ने बताया कि गुरनैब सिंह और अंग्रेज सिंह के विरुद्ध जनपद शामली में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी बिहार से अफीम खरीदकर अमृतसर, लुधियाना समेत विभिन्न राज्यों में सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट कार तथा नकदी भी बरामद की है। बरामद कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। सभी अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
- संवाददाता
Bhartiya Samvad Desk 5