अम्बेडकरनगर: उर्स मेला अशरफपुर किछौछा की तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश
अम्बेडकरनगर (भा. सं.)। आगामी 9 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले उर्स मेला अशरफपुर किछौछा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, मेला समिति के पदाधिकारी, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने मेला क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान, नियमित कूड़ा उठान, नालियों की सफाई, स्वच्छ पेयजल, मोबाइल एवं स्थायी शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन कर निर्धारित शुल्क के साथ सूचना बोर्ड लगाने, प्रभावी बैरिकेडिंग, सुचारु यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, रात्रिकालीन गश्त, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेला परिसर में चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सकीय टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावटी एवं अस्वच्छ खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में अग्निशमन विभाग को पर्याप्त अग्निशमन उपकरण एवं आपातकालीन संसाधन उपलब्ध रखने, परिवहन विभाग को अतिरिक्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने तथा मेला मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों को मेला क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने, नियंत्रण कक्ष, हेल्प डेस्क, सूचना संकेतक, पेयजल केंद्र तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से संचालित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि मेले की सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पर्याप्त पुलिस बल, यातायात पुलिस और खुफिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय रहेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि उन्हें सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें, ताकि उर्स मेला अशरफपुर किछौछा का आयोजन पूरी श्रद्धा, गरिमा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
Bhartiya Samvad