अयोध्या: सपा कार्यालय में मनाई गई स्व. मित्रसेन यादव की जयंती, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

अयोध्या: सपा कार्यालय में मनाई गई स्व. मित्रसेन यादव की जयंती, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

अयोध्या ( भा. सं)। समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय में शनिवार को पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता स्वर्गीय मित्रसेन यादव की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया। मित्रसेन यादव उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख नेताओं में रहे और कई बार विधायक एवं सांसद रहे।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव राम अचल यादव, महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम तथा महानगर उपाध्यक्ष चौधरी श्रीचंद यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्व. मित्रसेन यादव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।

महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम ने कहा कि स्व. मित्रसेन यादव, जिन्हें लोग स्नेह से 'बाबूजी' के नाम से जानते थे, गरीब, शोषित एवं पीड़ित वर्ग के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने जीवनभर समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

महानगर उपाध्यक्ष चौधरी श्रीचंद यादव ने कहा कि स्व. मित्रसेन यादव ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में किसान, मजदूर, गरीब और शोषित समाज की आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि संघर्षों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद बाबूजी हमेशा जनहित के मुद्दों पर अडिग रहे।

प्रदेश सचिव राम अचल यादव ने कहा कि उन्हें बाबूजी के साथ लंबे समय तक कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि स्व. मित्रसेन यादव ने सदैव सत्य, न्याय और सामाजिक समरसता की राजनीति की तथा कभी जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया। इसी कारण समाज के सभी वर्गों में उन्हें सम्मान प्राप्त था।

महानगर प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि कार्यक्रम में दान बहादुर सिंह, रियाज अहमद, चौधरी बलराम यादव, राम अजोर यादव, विद्या भूषण पासी, महिला महानगर अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल, अमृत राजपाल, इंद्रपाल यादव, वीरेंद्र गौतम, जगन्नाथ यादव, केशवराम कोरी, सईद खान, जितेंद्र यादव, सगीर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।