कानपुर : फिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश: ईपीएफओ ने निकाली साइकिल रैली
कानपुर (भा .सं)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय एवं आंचलिक कार्यालय, कानपुर द्वारा रविवार को एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली सर्वोदय नगर स्थित ईपीएफओ कार्यालय से शुरू होकर चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), नवाबगंज पर संपन्न हुई। रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
वरिष्ठों की ऊर्जा बनी मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त एजीएम सी. एस. मिश्रा और ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ सहायक सुनील गुप्ता रहे। उम्र को दरकिनार कर दोनों वरिष्ठों ने जिस ऊर्जा और सक्रियता के साथ इस रैली में भाग लिया, उसने युवाओं को प्रेरित किया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
साइकिलिंग से सुधरेगा स्वास्थ्य और पर्यावरण:
क्षेत्रीय आयुक्त (II) कुमार अभिषेक ने कहा कि "नियमित साइकिल चलाना न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए बेहतरीन है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवहन को भी बढ़ावा देता है। इस रैली के माध्यम से हमारा प्रयास 'फिट इंडिया' और 'स्वच्छ पर्यावरण' के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।" रैली में ईपीएफओ के अधिकारीयों व कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह के साथ सहभागिता की।
हरि शंकर शर्मा/ भा.सं.
Bhartiya Samvad Desk 5