सोनीपत: ब्राह्मण दरवाजा क्षेत्र की समस्याओं का एसडीएम ने किया मौके पर निरीक्षण
खरखौदा सोनीपत (भा. सं.)। एसडीएम अमित भारद्वाज ने सोमवार को ब्राह्मण दरवाजा क्षेत्र का दौरा कर गली के बीच निर्मित पुलिया, प्रस्तावित सार्वजनिक शौचालय तथा माता मंदिर से संबंधित मामलों का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर 12 एवं 13 के स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी शिकायतें, सुझाव एवं आपत्तियां सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनहित एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने बताया कि गली के बीच बनाई गई पुलिया के कारण राहगीरों एवं वाहनों के आवागमन में कठिनाई हो रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि उक्त पुलिया की आवश्यकता नहीं है। साथ ही नागरिकों ने बताया कि वर्तमान स्थान पर स्थापित माता मंदिर के कारण नाले के प्राकृतिक बहाव में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
वार्डवासियों ने प्रस्तावित सार्वजनिक शौचालय के निर्माण को लेकर भी अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। उनका कहना था कि यदि उक्त स्थान पर शौचालय बनाया जाता है तो समीप स्थित कॉलेज में आने-जाने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को असुविधा हो सकती है। उन्होंने शौचालय के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन करने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों ने वर्तमान लेबर चौक को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने तथा प्रस्तावित माता मंदिर को भी उपयुक्त स्थान पर स्थापित किए जाने की मांग रखी।
एसडीएम अमित भारद्वाज ने नागरिकों की सभी मांगों एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक पहलू का तकनीकी एवं प्रशासनिक परीक्षण कर जनहित, सुरक्षा तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को स्थानीय नागरिकों की सुविधा एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए ही आगे बढ़ाया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर सचिव नगर पालिका मनीष, एमिनेंट पर्सन सुनील पांचाल तथा सहायक अधीक्षक राजेश सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
KOHARSUNIL