हर-हर महादेव के जयघोष से शिवमय हुआ सेवली, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

हर-हर महादेव के जयघोष से शिवमय हुआ सेवली, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
सोनीपत। गांव सेवली में मंगलवार को प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित होने वाले मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था, उत्साह और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे गांव में 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
कलश यात्रा प्राचीन शिव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई और गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। सिर पर कलश धारण किए महिलाएं भजन-कीर्तन करती हुई चल रही थीं, जबकि श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और धार्मिक धुनों पर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आए। यात्रा के दौरान आकर्षक धार्मिक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
गांव के विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली।
मंदिर समिति के प्रधान आजाद सिंह ने बताया कि बुधवार प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान शिव सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सेवली सहित आसपास के अनेक गांवों से हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है और सभी श्रद्धालु तन-मन से आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से गांव में आध्यात्मिक वातावरण के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द भी मजबूत हो रहा है।