कानपुर: सीएसए में हुआ पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किश्त का सजीव प्रसारण; लगा तिलहन मेला
कानपुर(भा. सं.)। पश्चिम बंगाल के हुगली (तारकेश्वर) में आयोजित "पीएम किसान उत्सव दिवस" के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' (पीएम किसान) की 23वीं किश्त जारी की गई। इस मुख्य कार्यक्रम का जनपद स्तरीय सीधा (लाइव) प्रसारण कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के प्रसार निदेशालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री सभागार में किया गया।
पीएम किसान सम्मान निधि कार्यक्रम विश्वविद्यालय के साथ-साथ दोपहर 3:45 बजे से जिले के समस्त विकास खंड मुख्यालयों और ग्राम पंचायत भवनों में भी इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किसानों को दिखाया गया।
सीएसए परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कल्याणपुर विधायक श्रीमती नीलिमा कटियार, किदवई नगर विधायक महेश त्रिवेदी, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामजी गुप्ता और डॉ. वी.के. त्रिपाठी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
तिलहन मेले में दी गई प्राकृतिक खेती की जानकारी
इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय में एक 'तिलहन मेला' भी आयोजित किया गया। मेले में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा उपस्थित किसानों को तिलहनी फसलों की उन्नत खेती और प्राकृतिक कृषि के नवीनतम तौर-तरीकों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा सहित कृषि विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी और लगभग 150 प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
Hari shankar sharma