वनडे और टेस्ट सीरीज की तैयारी में जुटे जसप्रीत बुमराह, लाल गेंद से शुरू किया अभ्यास
मुंबई (भा. सं.)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आगामी वनडे और टेस्ट सीरीज की तैयारियों में पूरी तरह जुट गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से आराम दिए जाने के बाद बुमराह ने मैदान पर वापसी करते हुए लाल गेंद से अभ्यास शुरू कर दिया है। उनका अभ्यास करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह का माहौल है।
टीम प्रबंधन ने बुमराह को टी-20 सीरीज से इसलिए विश्राम दिया है, ताकि वह आगामी वनडे श्रृंखला, टेस्ट मुकाबलों और बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए पूरी तरह फिट रह सकें। भारतीय टीम के लिए उनकी वापसी बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि आने वाले महीनों में टीम को लगातार महत्वपूर्ण सीरीज खेलनी हैं।
टी-20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद बुमराह आईपीएल में अपनी लय कायम नहीं रख सके थे। मुंबई इंडियंस की ओर से खेले गए 13 मैचों में उन्होंने केवल चार विकेट लिए, जिससे उनकी फॉर्म को लेकर सवाल भी उठे। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने दमदार वापसी करते हुए टी-20 विश्व कप में आठ मैचों में 14 विकेट हासिल किए और संयुक्त रूप से टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल रहे।
अब बुमराह का पूरा फोकस 14 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज और उसके बाद श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली टेस्ट श्रृंखला पर है। श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से शुरू होगी, जिसमें पहला मुकाबला गॉल और दूसरा टेस्ट कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा।
इसके बाद भारतीय टीम नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलेगी, जबकि जनवरी 2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की पांच मैचों की टेस्ट सीरीज भी प्रस्तावित है। यह श्रृंखला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में भारत की अंतिम टेस्ट सीरीज होगी। ऐसे में भारतीय टीम की तेज गेंदबाजी की अगुआई करने वाले जसप्रीत बुमराह की फिटनेस और फॉर्म टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Bhartiya Samvad