अयोध्या: हृदय रोगी को टेनेक्टेप्लेज इंजेक्शन से मिली नई जिंदगी, जिला अस्पताल में निःशुल्क इलाज से बची 75 वर्षीय मरीज की जान
अयोध्या (भा.सं.)। प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हृदय रोगियों के लिए महंगे जीवनरक्षक इंजेक्शन निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लगभग 50 हजार रुपये कीमत वाला टेनेक्टेप्लेज इंजेक्शन अब सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दिए जाने से जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।
इसी क्रम में जिला चिकित्सालय अयोध्या में एक 75 वर्षीय हृदय रोगी की जान समय पर उपचार मिलने से बचा ली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामाशंकर मिश्रा (75), निवासी रामपुर भगन थाना तारुन, को अचानक हृदयाघात हुआ। उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात प्रभारी ईएमओ डॉ. आशीष पाठक ने तत्काल स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विशेषज्ञ सलाह के बाद टेनेक्टेप्लेज इंजेक्शन दिया।
इंजेक्शन लगते ही मिला त्वरित आराम
डॉ. आशीष पाठक ने बताया कि यह इंजेक्शन हृदय के वाल्व में ब्लॉकेज की स्थिति में अत्यंत प्रभावी होता है। इंजेक्शन लगने के बाद मरीज को तुरंत राहत मिली और उसे अस्पताल में भर्ती कर आगे उपचार शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में आरएमएल अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञों से परामर्श लेकर सही डोज दी जाती है, जिससे मरीज को दोबारा अटैक का खतरा कम हो जाता है और उसे सुरक्षित रूप से उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है।
सरकार की पहल से गरीबों को बड़ी राहत
डॉ. पाठक ने कहा कि सरकार द्वारा इस जीवनरक्षक इंजेक्शन को निःशुल्क उपलब्ध कराना गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे पहले महंगे इलाज के कारण कई मरीज समय पर उपचार से वंचित रह जाते थे।
इस उपचार में ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट उपेंद्र मणि त्रिपाठी का भी विशेष सहयोग रहा।
सरकार की इस पहल से अब हृदय रोगियों को समय पर बेहतर इलाज मिल रहा है, जिससे उनकी जान बचाने में काफी मदद मिल रही है।
Bhartiya Samvad