मैलानी में लगा “शासन आपके द्वार” शिविर

लखीमपुर खीरी के मैलानी में “शासन आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने आमजन की समस्याओं का समाधान किया, योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों ने विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया।

मैलानी में लगा “शासन आपके द्वार” शिविर

लखीमपुर खीरी, ( भा.स.)। नगर पंचायत मैलानी में मंगलवार को सीडीओ अभिषेक कुमार की पहल पर “शासन आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग कर मौके पर ही आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया। शिविर में समाज कल्याण विभाग, कार्यक्रम विभाग, अग्रणी जिला प्रबंधन सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सीडीओ के पहुंचने तक ही करीब 100 से अधिक लोगों ने विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया, जिससे शिविर की व्यापक जनभागीदारी स्पष्ट दिखाई दी। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी की उपस्थिति में पात्र लाभार्थियों को ऋण वितरण किया गया।

 इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आवश्यक जानकारी प्रदान कर उन्हें लाभान्वित भी किया गया। सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

 “शासन आपके द्वार” जैसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को दफ्तरों के चक्कर से मुक्ति दिलाना है। नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी ने कहा कि लंबे समय बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मैलानी पहुंची है, जिससे स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। उन्होंने इसे प्रशासन और जनता के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।