औद्योगिक विकास व व्यापार सुविधाओं पर जोर, निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के निर्देश

औद्योगिक विकास व व्यापार सुविधाओं पर जोर, निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के निर्देश

बलरामपुर (भा.सं.)। जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में औद्योगिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन, उद्यमियों व व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करने के मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी डॉ जैन ने जनपद में संचालित औद्योगिक इकाइयों की प्रगति, नए उद्योगों की स्थापना तथा विभिन्न विभागों द्वारा उद्यमियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों की स्थापना एवं संचालन में आने वाली समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सके। बैठक में मुख्य विषयों में विद्युत आपूर्ति, भूमि आवंटन, बैंकिंग सहायता, लाइसेंसिंग तथा अन्य विभागीय औपचारिकताओं का समयबद्ध निपटारा प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें और निवेशकों व उद्यमियों को सुगम वातावरण उपलब्ध कराएं। व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बाजार क्षेत्र की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था तथा व्यापारिक सुगमता से संबंधित समस्याएँ उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने तथा व्यापारिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बैठक में यह भी कहा कि उद्योग और व्यापार जनपद की आर्थिक रीढ़ हैं और इनके सुदृढ़ होने से स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। अतः संबंधित विभाग उद्यमियों व व्यापारियों के साथ सतत संवाद बनाए रखें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, संबंधित विभागीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं कई उद्यमी उपस्थित रहे।