सोनीपत : एसआईआर-2026 प्रक्रिया के प्रति मतदाताओं को किया जा रहा जागरूक-डीडीपीओ मनीष मलिक

सोनीपत  : एसआईआर-2026 प्रक्रिया के प्रति मतदाताओं को किया जा रहा जागरूक-डीडीपीओ मनीष मलिक

सोनीपत (भा. सं) । 29-राई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) मनीष मलिक के नेतृत्व में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

  इसी क्रम में गांव सेवली एवं औरंगाबाद में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बीएलओ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

 इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य करेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। 

 जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को एसआईआर-2026 अभियान की प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों एवं मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने तथा संशोधन से संबंधित जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। उन्होंने बताया कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है । 

 निर्वाचक पंजीयन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता एवं अन्य व्यक्तिगत विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही ऐसे मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया भी की जा रही है, जो किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं अथवा जिनका निधन हो चुका है। इसके अतिरिक्त नए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोडऩे का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

 उन्होंने राई विधानसभा के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक अपने परिवार के मतदाता विवरणों का सत्यापन अवश्य करें तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं। 

सुनील कुमार/ भा. सं.