सोनीपत : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत पशुपालन विभाग द्वारा चलाया जा रहा है विशेष टीकाकरण अभियान
जिला में मूंहखुर व गलघोटू जैसी घातक बीमारियों से बचाव के लिए 01 लाख 70 हजार 518 पशुओं को किया जा चुका है टीकाकरण ।
सोनीपत (भा. सं) । पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपमण्डल अधिकारी डॉ० बलजीत दलाल ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुधन संरक्षण के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जिलेभर में पशुपालन विभाग की 57 टीमें बनाई गई हैं जो गांव-गांव और घर-घर जाकर पशुओं (गाय व भैस) का नि:शुल्क टीकाकरण कर रही हैं।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुओं को मूंहखुर व गलघोटू जैसी संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना तथा पशुपालकों को संभावित आर्थिक नुकसान से बचाना है। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग की टीमों द्वारा पशुपालकों को जागरूक भी किया जा रहा है ताकि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाकर उन्हें विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रख सकें।
उपमण्डल अधिकारी ने कहा कि मूंहखुर व गलघोटू जैसी बीमारियां पशुओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक साबित हो सकती हैं। इन बीमारियों के कारण पशुओं में दुग्ध उत्पादन प्रभावित होता है तथा कई बार पशुधन को गंभीर नुकसान भी उठाना पड़ता है। ऐसे में समय पर टीकाकरण ही इन बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने जिला के सभी पशुपालकों का आह्वïान किया कि कि वे विभागीय टीमों का सहयोग करें और अपने सभी पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण करवाएं। उन्होंने बताया कि 18 जून तक चलाए जा रहे इस टीकाकरण अभियान के तहत जिला में 02 लाख 57 हजार पशुओं को टीकाकरण किया जाना है, जिसमें से अब तक 01 लाख 70 हजार 518 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
एसडीओ डॉ० बलजीत दलाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में यह विशेष टीकाकरण अभियान पशुधन संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सुनील कुमार/भा. सं.
Bhartiya Samvad Desk 5