सोनीपत : मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कैबिनेट मंत्री ने किया जनसंपर्क अभियान, लाभार्थियों से किया संवाद
गोहाना / सोनीपत , अचल वार्ता । सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। समाज के हर आयु वर्ग, हर समाज के उत्थान को लेकर प्रभावी योजनाओं की बदौलत आज देश की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा पर भरोसा करते हुए जनसेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि आज देश, प्रदेश की सरकार मजबूती से आमजन की सहूलियत को बढाने का काम कर रही है। शनिवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव किलोहड़द, चिटाना व भटाना जाफराबाद का दौरा कर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाते हुए विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया और उनके अनुभव सुने। जनसंपर्क अभियान के दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, गरीब कल्याण योजनाओं, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया है। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और उनसे प्राप्त लाभ के बारे में विस्तार से चर्चा की। लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। देश की अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना, रक्षा क्षमता और वैश्विक प्रतिष्ठा में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास रहा है, जिसके परिणामस्वरूप विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है। इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी डॉ रीटा शर्मा व ग्रामीणों के साथ किलोहड़द में राजकीय प्राथमिक पाठशाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पर्यावरण संरक्षण मुहिम एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधारोपण भी किया। उन्होंने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और विकास संबंधी सुझाव भी रखे, जिसपर कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जनसेवा और विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनका सर्वोच्च उद्देश्य है।
सुनील कुमार/ भा. सं.
Bhartiya Samvad Desk 5