सोनीपत : समर कैंप कक्षाओं का हुआ शुभारंभ, बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग: आरती

सोनीपत : समर कैंप कक्षाओं का हुआ शुभारंभ, बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग: आरती

सोनीपत (भा. सं.)। उपायुक्त एवं प्रधान, जिला बाल कल्याण परिषद, सोनीपत नेहा सिंह के मार्गदर्शन में जिला बाल कल्याण परिषद, सोनीपत (बाल भवन) द्वारा समर कैंप कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। समर कैंप के प्रथम दिन लगभग 45 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न रचनात्मक एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाई। जिला बाल कल्याण अधिकारी आरती ने जानकारी देते हुए बताया कि समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए योगा, फाइन आर्ट तथा जुम्बा जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को शारीरिक स्वास्थ्य, रचनात्मक सोच एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए उनके मानसिक, शारीरिक एवं रचनात्मक विकास को प्रोत्साहित करना है।

  पहले ही दिन बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रीमती आरती ने अभिभावकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक बच्चों को इन कक्षाओं से जोड़ें, ताकि बच्चे अपनी छिपी हुई प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और अच्छी जीवनशैली की आदतों को विकसित कर सकें। उन्होंने बताया कि यह समर कैंप 10 जून से 10 जुलाई तक बाल भवन एवं स्पेशल होम, सोनीपत में नियमित रूप से संचालित किया जाएगा।

सुनील कुमार/भा. सं.