सोनीपत ( भा. स.) । उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय में मुख्यमंत्री विंडो पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने विभागवार लंबित शिकायतों की जानकारी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विंडो राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण जन-शिकायत निवारण प्रणाली है। इसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निपटारा पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा निर्धारित समय सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए ।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी विभागों की एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पर एमिनेंट पर्सन के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एटीआर पर एमिनेंट पर्सन के हस्ताक्षर होने से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनेगी तथा शिकायतकर्ता को भी समाधान पर विश्वास बढ़ेगा। उपायुक्त ने पिछले एक सप्ताह के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
बैठक में सीटीएम सिमरन, एसडीएम गन्नौर प्रवेश कादियान, एसडीएम गोहाना अंकित कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनमोल, संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, डीआरओ सुशील शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सुनील कुमार/ भा. स.