बलरामपुर : मानसून से पूर्व बलरामपुर में युद्ध स्तर पर नाला सफाई अभियान शुरू, जलभराव से मुक्ति दिलाना प्राथमिकता: डॉ धीरेन्द्र प्रताप सिंह

बलरामपुर  : मानसून से पूर्व बलरामपुर में युद्ध स्तर पर नाला सफाई अभियान शुरू, जलभराव से मुक्ति दिलाना प्राथमिकता: डॉ धीरेन्द्र प्रताप सिंह

बलरामपुर (भा सं) । आगामी मानसून के आगमन को देखते हुए बलरामपुर शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद ने कमर कस ली है। अध्यक्ष नगर पालिका परिषद डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' के कड़े निर्देशन में पूरे नगर के समस्त वार्डों और प्रमुख मार्गों पर एक व्यापक नाला एवं नाली सफाई अभियान युद्ध स्तर पर संचालित किया जा रहा है।

स्वच्छता और जनसुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता

अभियान की प्रगति और रूपरेखा की जानकारी देते हुए अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैंस ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मानसून के दौरान होने वाले जलभराव,गंदगी और इससे पनपने वाली संभावित बीमारियों से नगरवासियों को सुरक्षित रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुविधा और स्वच्छता को प्रशासन ने सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा है,जिसके तहत बिना किसी बाधा के निरंतर कार्य किया जा रहा है।

वार्डों से लेकर प्रमुख मार्गों तक चल रहा काम

नगर पालिका की सफाई टीमें आधुनिक उपकरणों और अतिरिक्त सफाईकर्मियों के साथ शहर के मुख्य नालों और तंग गलियों की नालियों की सिल्ट (कीचड़) निकालने में जुटी हुई हैं। जाम नालों की विशेष सफाई: उन संवेदनशील इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जहाँ हर साल मामूली बारिश में भी पानी लग जाता है। सिल्ट का तुरंत उठान: नालों से निकाली जा रही गंदगी को सड़कों पर छोड़ने के बजाय तुरंत डंपिंग ग्राउंड भेजने के निर्देश दिए गए हैं ताकि राहगीरों को परेशानी न हो।

"स्वच्छ और सुंदर बलरामपुर के लिए हम प्रतिबद्ध"

अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैंस ने नगर पालिका की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा:

"एक स्वच्छ,सुंदर और व्यवस्थित बलरामपुर का निर्माण ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए हमारी पूरी टीम धरातल पर उतरकर पूरी निष्ठा से काम कर रही है। मानसून से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा ताकि नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।" इसके साथ ही उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की है कि वे नालों और नालियों में प्लास्टिक,पॉलिथीन या अन्य कचरा न फेंकें,जिससे पानी का बहाव बाधित होता है। शहर को साफ-सुथरा रखने में सभी का सहयोग अत्यंत अनिवार्य है।

कमर खान/भा. सं.