सोनीपत: एक ही इलाके में मिले दो अज्ञात युवकों के शव, इलाके में फैली सनसनी

सोनीपत: एक ही इलाके में मिले दो अज्ञात युवकों के शव, इलाके में फैली सनसनी
सोनीपत( भा. सं.)। राजपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पास दो अलग-अलग स्थानों पर दो अज्ञात युवकों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला, जबकि कुछ दूरी पर दूसरे युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों स्थानों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पेड़ से लटका मिला युवक लगभग 40 से 45 वर्ष का बताया जा रहा है। उसके पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके। वहीं दूसरे युवक की भी अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
प्रारंभिक जांच में फंदे से मिले शव का मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस दोनों मृतकों की पहचान के लिए आसपास के थानों और लापता लोगों के रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों शवों को नागरिक अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है और पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी जाएगी।