संयुक्त आयुक्त ने दिए निर्देश, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करे संबंधित अधिकारी

संयुक्त आयुक्त ने दिए निर्देश, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करे संबंधित अधिकारी
सोनीपत (भा .स.) । हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को सोनीपत के लघु सचिवालय में नगर निगम संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़ की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं।
संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़ ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों का मौके पर जाकर निर्धारित समयावधि में समाधान करना सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से निवारण करना है।
शिविर के दौरान कंपनी में दोबारा नौकरी दिलवाने बाबत प्रार्थना पत्र, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत लंबित राज्य सब्सिडी जारी करवाने, तालाब पर अवैध कब्जा हटवाने, प्लाट का कब्जा दिलवाने, यूडीआईडी कार्ड के बार-बार फैमिली आईडी में रिजेक्ट होने तथा ओलावृष्टि एवं जलभराव से प्रभावित किसानों को लंबित मुआवजा जारी करवाने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं।
इसके अतिरिक्त इंतकाल दर्ज करवाने, गांव जुआं में मुख्य सड़क पर नालियों के गंदे पानी के बहाव को रोकने, संबंधित गैस एजेंसी द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी न करने एवं ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें भी शिविर में रखी गईं। वहीं बरसाती पानी की निकासी हेतु बनाए गए इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करवाने तथा सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सुधार करवाने संबंधी शिकायत भी प्राप्त हुई। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों को ठीक करवाने सहित अन्य शिकायतें भी संयुक्त आयुक्त के समक्ष रखी गईं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसीपी जसपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 

सुनील कुमार (भा .स.)