सोनीपत ( भा. सं.)। आवासीय क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीजीएल सोनीपत द्वारा पीएनजी ड्राइव 2.0 के तहत रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्षों एवं मेंटेनेंस मैनेजर्स के साथ एक संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। यह पहल केन्द्र सरकार की 24 मार्च 2026 की राजपत्र अधिसूचना के अनुरूप आयोजित की गई, जिसमें घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी से पीएनजी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
इस दौरान अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिनिधियों को पीएनजी के लाभों से अवगत कराते हुए बताया कि यह ईंधन स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं पर्यावरण-अनुकूल है। साथ ही, अधिक से अधिक घरों को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने की कार्ययोजना तथा इस अभियान को सफल बनाने में आरडब्ल्यूए की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधियों को पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया, स्थापना, सुरक्षा मानकों एवं कार्यान्वयन से जुड़ी जानकारियां भी दी गईं। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।
इस बैठक में शामिल विभिन्न आवासीय सोसायटियों के प्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में पीएनजी के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक परिवारों को पीएनजी अपनाने के लिए प्रेरित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने समयबद्ध पीएनजी कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने में जीजीएल को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा भी व्यक्त किया।
जीजीएल का मानना है कि इस प्रकार की सहभागितापूर्ण पहलें न केवल उपभोक्ताओं के बीच पीएनजी के प्रति जागरूकता बढ़ाएंगी, बल्कि शहरी आवासीय क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं टिकाऊ ऊर्जा को बढ़ावा देकर भारत सरकार की हरित ऊर्जा परिकल्पना को भी साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।