सोनीपत: बेखौफ चोरों का आतंक: एक ही रात में चार दुकानों के शटर तोड़ लाखों के माल पर हाथ साफ

सोनीपत: बेखौफ चोरों का आतंक: एक ही रात में चार दुकानों के शटर तोड़ लाखों के माल पर हाथ साफ
सोनीपत ( भा. सं.)। सोनीपत में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब हालात ऐसे हैं कि न तो बदमाशों को पुलिस का डर रह गया है और न ही सीसीटीवी कैमरों का। ताजा मामला शहर की ककरोई रोड का है, जहां देर रात चोरों ने महज कुछ मिनटों में एक के बाद एक चार दुकानों के शटर तोड़कर नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद आरोपी आराम से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे बदमाश अग्रवाल डेरी, किसान क्रीम डेरी, स्पाइसी टाउन और महादेव फास्ट फूड कॉर्नर पर पहुंचे। लोहे के शटर तोड़कर बदमाश दुकानों के अंदर घुसे और गल्लों में रखी नकदी सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार रोजाना की तरह अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे हुए शटर और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद व्यापारियों में भारी रोष है। उनका कहना है कि शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने कारोबारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि यदि रात्रि गश्त प्रभावी होती तो बदमाश इतनी आसानी से चार दुकानों को निशाना नहीं बना पाते। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।