समाधान शिविर में आई शिकायतों की मौके पर जाकर जांच करें अधिकारी, संवेदनशीलता के साथ करें शिकायतों का समाधान — एसडीएम अमित भारद्वाज* 

समाधान शिविर में आई शिकायतों की मौके पर जाकर जांच करें अधिकारी, संवेदनशीलता के साथ करें शिकायतों का समाधान — एसडीएम अमित भारद्वाज* 

खरखौदा, सोनीपत ( भा. सं.)। गुरुवार को एसडीएम कार्यालय में एसडीएम अमित भारद्वाज की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सरकारी गली से अवैध कब्जा हटवाने, दुकान के साथ लगे बिजली के खंभे को हटवाने तथा सिविल अस्पताल रोड स्थित मुख्य नाले की स्लैब टूटने एवं वहां से कूड़ा-कचरा हटवाने संबंधी शिकायतें प्रमुख रहीं। एसडीएम अमित भारद्वाज ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसडीएम अमित भारद्वाज ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनें, उसकी वास्तविक स्थिति को समझें तथा निर्धारित समय सीमा में उसका समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त जिन शिकायतों में आवश्यकता हो, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें, तथ्यों का सत्यापन करें तथा उसके आधार पर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।

एसडीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।

इस अवसर पर बीडीपीओ सुरेंद्र आर्य, सहायक अधीक्षक राजेश, एमिनेंट पर्सन सुनील पांचाल, स्टेनो सुदीप, प्रशांत तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।