सोनीपत: राष्ट्रीयव्यापी पल्स पोलियो अभियान के तहत सिविल अस्पताल, सोनीपत में विधायक निखिल मदान ने एनआईडी बूथ का किया शुभारंभ
सोनीपत( भा. सं.)। राष्ट्रीयव्यापी पल्स पोलियो अभियान (नेशनल इम्यूनाइजेशन डे-एनआईडी) के अंतर्गत आज सिविल अस्पताल, सोनीपत स्थित पीपीसी सेंटर में एनआईडी बूथ का शुभारंभ सोनीपत के विधायक निखिल मदान द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत 28 जून से 30 जून तक जिले के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी।
इस अवसर पर विधायक निखिल मदान ने कहा कि भारत को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग इस दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं और जनसहभागिता के माध्यम से ही इस अभियान को पूर्ण सफलता मिल सकती है।
उन्होंने आमजन से राष्ट्रीयव्यापी पल्स पोलियो अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का भी पूरा सहयोग करें।
माननीय विधायक ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता से ही भारत को सदैव पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सकता है।
इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज यादव सहित अन्य अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने तथा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीयव्यापी पल्स पोलियो अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।
KOHARSUNIL