कुशीनगर: पत्रकारों की लंबित मांगें पूरी करे सरकार- मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति

कुशीनगर: पत्रकारों की लंबित मांगें पूरी करे सरकार- मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति
सांकेतिक फोटो (AI द्वारा)

कैशलेस इलाज, पेंशन व मान्यता समिति गठन की उठाई मांग

कुशीनगर (भा. सं.)। कुशीनगर जिले की मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति ने प्रदेश सरकार से लंबे समय से लंबित पत्रकारों की मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की है। समिति का कहना है कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं, इसलिए उनके कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

समिति के सदस्य भानु प्रताप तिवारी ने कहा कि कई बार ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का प्रस्ताव अब तक लंबित है। उन्होंने मांग की कि सभी सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए कैशलेस उपचार की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।

उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजना लागू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। तिवारी ने बताया कि अन्य राज्यों में 60 वर्ष से अधिक आयु के पत्रकारों को 15 से 20 हजार रुपये तक मासिक पेंशन दी जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में यह सुविधा अब तक लागू नहीं हो सकी है। उन्होंने प्रदेश में भी वरिष्ठ पत्रकारों के लिए 20 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन लागू करने की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश मान्यता समिति के गठन में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से समिति का गठन न होने के कारण बड़ी संख्या में पत्रकारों के आवेदन लंबित पड़े हैं, जिससे उन्हें अपने पेशेवर कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल समिति का गठन कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की।

तिवारी ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच जनहित की आवाज़ को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और मान्यता से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर उन्हें लागू करेगी।

भानुप्रताप तिवारी/भा. सं.