सोनीपत: एसडीएम अमित कुमार के मार्गदर्शन में जनहितैषी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई जानकारी

सोनीपत: एसडीएम अमित कुमार के मार्गदर्शन में जनहितैषी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई जानकारी

सोनीपत / खरखौदा ( भा. सं.) । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आमजन को सरकार की उपलब्धियों जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों से अवगत करवाने के उद्देश्य से उपमंडल कार्यालय खरखौदा में आयोजित जनकल्याण शिविर का आज दूसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन एसडीएम खरखोदा अमित कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। 

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बताया कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं, आत्मनिर्भर भारत और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के आवास, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को स्वच्छ ईंधन, जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर नल से जल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता, जनधन योजना से बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार तथा डिजिटल इंडिया अभियान से सेवाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में किए गए कार्यों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरखौदा, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला नागरिक संसाधन सूचना केंद्र (क्रीड), मार्केट कमेटी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, उद्यान विभाग, रोजगार कार्यालय, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई।

प्रदर्शनी में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण केंद्र रही। योजना के तहत नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने, रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने, मिलने वाली सुविधाओं एवं सरकार द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों ने इस योजना के प्रति विशेष रुचि दिखाई। शिविर में नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा ऑनलाइन सेवाओं के संबंध में जागरूक किया गया। 

एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।