लखीमपुर खीरी : आईजी किरण एस. ने खीरी में भर्ती केंद्र व कानून व्यवस्था की समीक्षा की

लखीमपुर खीरी : आईजी किरण एस. ने खीरी में भर्ती केंद्र व कानून व्यवस्था की समीक्षा की

पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस. द्वारा जनपद खीरी का भ्रमण; DV/PST केंद्र का निरीक्षण, समीक्षा गोष्ठी एवं प्रेस वार्ता का आयोजन 

लखीमपुर खीरी (भा. सं.) । आज शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र, लखनऊ, किरण एस. का लखनऊ से जनपद खीरी में भ्रमण हेतु आगमन हुआ। जनपद आगमन पर उनके द्वारा पुलिस लाइन खीरी में विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं निरीक्षण कार्यों में प्रतिभाग किया गया, इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० ख्याति गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

निरीक्षण एवं समीक्षा के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:

उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा (DV/PST) केंद्र का निरीक्षण

पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा पुलिस लाइन खीरी में चल रही उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के अंतर्गत दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया गया। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारीगण को आवश्यक गाइडलाइंस दीं।

राजपत्रित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी - 

इसके पश्चात, पुलिस लाइन सभागार में आईजी श्री किरण एस. की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस गोष्ठी में मुख्य रूप से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० ख्याति गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक एवं सभी क्षेत्राधिकारीगण मौजूद रहे। बैठक में आगामी त्योहारों और विशेषकर मोहर्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आईजी महोदय ने सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, पीस कमेटियों के साथ संवाद स्थापित कर स्थानीय नागरिकों का सहयोग लिया जाए तथा सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह को फैलने से रोका जा सके। अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई (जैसे गैंगेस्टर एक्ट व गुंडा एक्ट) करने के हेतु भी कड़े निर्देश दिए गए। इस दौरान आईजी महोदय द्वारा खीरी पुलिस की कार्यों की प्रशंसा की गयी तथा विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछित वारण्टियों की गिरफ्तारी, अपह्रताओं एवं गुमशुदाओं की बरामदगी हेतु सराहना की गयी।

 पत्रकार बंधुओं से प्रेस वार्ता - 

कार्यक्रम के अंत में पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा स्थानीय पत्रकार बंधुओं के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने जनपद की कानून व्यवस्था की स्थिति और पुलिस की तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने पुलिस-पब्लिक पार्टनरशिप को मजबूत करने और पारदर्शी पुलिसिंग की दिशा में मीडिया के सकारात्मक सहयोग की सराहना की।