सोनीपत: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोहाना पहुंची डॉ अर्चना गुप्ता

सोनीपत: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोहाना पहुंची डॉ अर्चना गुप्ता

गोहाना, सोनीपत ( भा. सं.)। भाजपा हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा की कार्यकर्ता आधारित कार्य संस्कृति ही उसकी सबसे बड़ी पहचान है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज और संगठन के लिए काम करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं तथा केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करें।

रविवार शाम भाजपा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता का पहली बार गोहाना पहुंचने पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। समारोह स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। सेक्टर 7 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्य वक्ता के तौर पर संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने स्वागत, अभिनंदन के लिए आभार जताते हुए कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो संगठन की मजबूत रीढ़ हैं। कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर ही आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां सामान्य परिवार से आने वाला कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का व्यापक अभियान है। पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जनहित की योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं।

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का गोहाना आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हरियाणा भाजपा संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नारी सशक्तिकरण के संकल्प को मजबूती के साथ भाजपा आगे बढ़ा रही है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा डॉ अर्चना गुप्ता की भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति से प्रदेश भर में नारी शक्ति का आत्मविश्वास और भरोसा भाजपा के प्रति मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है। डॉ. शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का आधार उसका अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता है, जिसने हर चुनौती के समय संगठन को मजबूत बनाने का कार्य किया है। आने वाले समय में भी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा और अधिक सशक्त होकर उभरेगी। इस अवसर पर गोहाना भाजपा जिला प्रभारी डॉ किरण कलकल, गोहाना भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, वरिष्ठ भाजपा नेता जवाहर सैनी, प्रदीप सांगवान, डॉ रीटा शर्मा, नगर परिषद चेयरपर्सन रजनी विरमानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। 

पगड़ी, स्मृति चिह्न और मुंह मीठा करवाते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का हुआ जोरदार स्वागत

गोहाना में पहली बार पहुंचने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता का कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पानीपत रोड पर जेके गार्डन के पास जोरदार स्वागत किया गया। फूलों व भाजपा झंडों से सजी खुली जीप में सवार होकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा के साथ खानपुर मोड़ पर महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले चौक, सोनीपत मोड़ पर भगवान परशुराम चौक, बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर चौक पर पहुंचकर महापुरुषों को नमन किया। सेक्टर 7 में पहले भगवान परशुराम आश्रम व इसके बाद निर्माणाधीन जाट भवन परिसर पर जोरदार स्वागत हुआ। कम्युनिटी सेंटर पहुंचने पर जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई।