सोनीपत: लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले महीपुर के युवा भविष्य शर्मा के परिजनों से मिले सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा

सोनीपत: लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले महीपुर के युवा भविष्य शर्मा के परिजनों से मिले सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा

5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता व हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

गोहाना/सोनीपत ( भा. सं.)। लखनऊ स्थित एक एनीमेशन एवं गेमिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में गांव महीपुर के युवा भविष्य शर्मा की दुखद मृत्यु पर हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने गांव महीपुर पहुंचकर दिवंगत भविष्य शर्मा के पिता नरेन्द्र कुमार एवं अन्य परिजनों से मुलाकात की और उन्हें इस असहनीय दुख की घड़ी में सांत्वना दी।

शुक्रवार दोपहर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा अपनी धर्मपत्नी डॉ रीटा शर्मा के साथ गोहाना विधानसभा के गांव महीपुर पहुंचे। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भविष्य शर्मा एक प्रतिभाशाली और होनहार युवा थे, जो अपने परिवार के सपनों को साकार करने के लिए लखनऊ में एनीमेशन एवं गेमिंग संस्थान में नौकरी करने गए थे। दुर्भाग्यपूर्ण अग्निकांड में उनका असामयिक निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि एक युवा का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है और इस दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।

सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने शोकाकुल परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार और समाज पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़े हैं। डॉ. शर्मा ने परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा करते हुए कहा कि भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी दिवंगत भविष्य शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ईश्वर से उनकी पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।