20 अप्रैल से शुरू होगा जनगणना प्रशिक्षण

जनगणना 2027 की तैयारी में लखीमपुर खीरी में 20 अप्रैल से प्रगणकों का प्रशिक्षण शुरू, हजारों कार्मिक होंगे प्रशिक्षित।

20 अप्रैल से शुरू होगा जनगणना प्रशिक्षण

लखीमपुर खीरी (भा. स.) । जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिले में मकानों की गणना के लिए व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि 20 अप्रैल से 4 मई तक प्रगणक एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में 7,392 प्रगणक और 1,263 सुपरवाइजर सहित 10 प्रतिशत रिजर्व के साथ कुल 9,524 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये कार्मिक अपने-अपने प्रगणना ब्लॉकों में जाकर 22 मई से 20 जून के बीच मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य करेंगे। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जनगणना कार्य को शुद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्य को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आगामी गणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।