बलरामपुर: मोहर्रम को लेकर जरवा थाना में पीस कमेटी बैठक, शांति बनाए रखने की अपील
जरवा ,बलरामपुर (भा.सं.)। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोतवाली जरवा परिसर में पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के हिन्दू व मुस्लिम समुदाय के गणमान्य लोग, ताजियादार, ग्राम प्रधान, डीजे संचालक, मौलवी सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक के दौरान सभी को मोहर्रम पर्व के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा व्यवस्था से अवगत कराया गया। लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की गई। साथ ही जुलूसों को निर्धारित मार्गों से निकालने, किसी भी भड़काऊ या आपत्तिजनक गतिविधि से दूर रहने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सभी लोगों ने मोहर्रम को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का आश्वासन दिया।
मसरूर अली