बलरामपुर: डीएम डॉ विपिन कुमार जैन का संदेश खरीफ में उर्वरक की समुचित व्यवस्था, किसानों को समय पर मिलेगा यूरिया
बलरामपुर (भा.सं.)। जिला प्रशासन ने खरीफ सीजन में किसानों को उर्वरक की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि जनपद में यूरिया सहित सभी आवश्यक उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को समय से खाद प्राप्त हो सके और रोपाई व पैदावार पर कोई असर न पड़े।
डॉ. जैन ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से सदस्य कृषकों को ऐप आधारित संदेश भेजकर रोपाई से पहले ही यूरिया उपलब्ध करवा दिया गया है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे प्राप्त उर्वरक को उचित समय पर उपयोग करें ताकि फसल की वृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे। इसके अलावा, निजी उर्वरक केंद्रों पर भी पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। जिला प्रशासन ने सभी निजी विक्रेताओं को निर्देश जारी किए हैं कि वे उर्वरक निर्धारित मूल्य पर ही बेचें। यदि किसी भी तरह की अधिक मूल्य वसूली या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है, तो प्रशासन द्वारा कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि प्रशासन लगातार आपूर्ति की मॉनिटरिंग कर रहा है और किसी भी आपात स्थिति में किसानों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। किसान किसी भी शिकायत या समस्या के लिए नजदीकी सहकारी समिति या जिला आपूर्ति विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
मसरूर अली