सोनीपत (भा. सं.)। राई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) मनीष मलिक के नेतृत्व में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची सत्यापन कार्य के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान उन्होंने गांव मेहंदीपुर, मच्छरौला, नंदनौर, मुरथल, नांगल खुर्द, कुमासपुर, किशोरा, मुकीमपुर, दीपालपुर, पलड़ा, बसौदी, बड़ौली, मीरकपुर, जाजल तथा पलड़ी में पहुंचकर लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तक चलाए जा रहे एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
डीडीपीओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित एवं एकत्रित कर रहे हैं। ऐसे में सभी मतदाता सही जानकारी के साथ गणना प्रपत्र भरकर समय पर बीएलओ को उपलब्ध करवाएं तथा मतदाता सूची के सत्यापन कार्य में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं का विवरण दर्ज करना तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन सुनिश्चित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत शुद्ध मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में भागीदारी निभाए और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करे।