15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मचाई धूम, डेल स्टेन भी हुए मुरीद
कहा- आगे चलकर सचिन और विराट को भी छोड़ सकते हैं पीछे
जोहांसबर्ग ( भा. सं.)। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी ने दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ियों को प्रभावित किया है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन भी उनकी प्रतिभा के कायल हो गए हैं। स्टेन का मानना है कि यदि वैभव इसी अंदाज में खेलते रहे, तो वह भविष्य में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे महान खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ सकते हैं।
एक कार्यक्रम के दौरान स्टेन ने कहा, “वैभव एक असाधारण प्रतिभा है। इस समय वह दुनिया के कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। वह भारतीय क्रिकेट का ‘बॉय वंडर’ और एक अनमोल खजाना है।”
आईपीएल में बनाया बड़ा रिकॉर्ड
वैभव ने आईपीएल के 19वें सत्र में 16 मैचों में 776 रन बनाकर सबको चौंका दिया। उन्होंने 48.50 के औसत और 237.30 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इसके साथ ही 72 छक्के लगाकर उन्होंने क्रिस गेल के सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
स्टेन की बड़ी भविष्यवाणी
स्टेन ने कहा कि जब हम सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों के बारे में सोचते हैं, तो लगता है कि उनसे बड़ा कोई नहीं हो सकता, लेकिन वैभव आने वाले समय में बड़ा धमाका कर सकते हैं और अपने करियर के अंत तक इन दोनों दिग्गजों से आगे निकल सकते हैं।
सावधानी बरतने की दी सलाह
हालांकि स्टेन ने बीसीसीआई और प्रशंसकों को आगाह भी किया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी सफलता मिलना दोधारी तलवार की तरह होता है। अगर सही तरीके से देखभाल और मार्गदर्शन नहीं मिला, तो यह अनमोल प्रतिभा खो भी सकती है।
उन्होंने कहा कि वैभव को दबाव से बचाते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ाना चाहिए, ताकि वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा कर सकें।
वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और प्रदर्शन ने उन्हें न सिर्फ भारतीय क्रिकेट का भविष्य बना दिया है, बल्कि वह अब वैश्विक क्रिकेट में भी चर्चा का विषय बन चुके हैं।
Bhartiya Samvad