संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों को प्राथमिकता से ऋण प्रदान करें बैंक- अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा*

संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों को प्राथमिकता से ऋण प्रदान करें बैंक- अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा*
सोनीपत । अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति बैंकों की सहायता से ऋण लेकर अपने जीवन स्तर को ऊंचा उठा सकें। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए बैंकर्स संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण प्रदान करें। अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट लेवल रिव्यू कमेटी (डीएलआरसी) तथा डिस्ट्रिक्ट क्लियरेंस कमेटी (डीसीसी) की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने बैंकर्स को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
                   बैठक में उन्होंने सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत चिन्हित जरूतरमंदों के ऋण आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि लोक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत आने वाले आवेदनों को सकारात्मकता के साथ स्वीकृति दें। बैंकर्स को यहां प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि लोगों को स्व-रोजगार स्थापना में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि ऋण से संबंधित जो आवेदन आपके पास भेजे जाते हैं उन पर प्राथमिकता से कार्य करें ताकि जरूरतमंद को समय पर ऋण मिल सके।
                  उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस कारण के कोई भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्देशों की अवहेलना करने वालों के विरूद्घ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरतमंद लोगों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें बैंकिंग सहायता के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि उन्हें सस्ती दरों पर ऋण मिल सके।
                 उन्होंनें विभिन्न योजनाओं के तहत बैंकों को किये गये आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा की। साथ ही उन्होंने कृषि क्षेत्र के अंतर्गत दिए जाने वाले ऋण आवेदनों की भी विस्तृत समीक्षा करते हुए कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के तहत बैंकों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (पीएनबी-आरसेटी) की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अधिकाधिक युवाओं को स्व-रोजगार के लिए प्रशिक्षण प्रदान करें। इसके लिए जागरूकता कैंप भी लगायें।
                 बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक सुनीता अरोड़ा, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से दिव्यांश कुमार,नाबार्ड से अजीत सिंह, आईटीआई से सुरेंद्र कुमार सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।