सोनीपत। गोहाना क्षेत्र में धान की फसल के लिए समय पर नहरों में पानी नहीं मिलने से किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। किसानों ने पहले एलजीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, लेकिन समाधान नहीं मिलने पर वे भुटाना डिस्ट्रिब्यूटरी माइनर पर पहुंच गए। यहां पांच किसान नहर के पानी में उतरकर बैठ गए और जल सत्याग्रह शुरू कर दिया।
किसानों का कहना है कि भुटाना डिस्ट्रिब्यूटरी माइनर की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण आहुलाना, मदीना, कथूरा, छिराना सहित कई गांवों में सिंचाई का संकट गहरा गया है। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले प्रशासन को ज्ञापन देकर नहर की सफाई और पानी छोड़ने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
किसानों के नहर में उतरने की सूचना मिलते ही नहरी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जल्द नहर की सफाई करवाने और पानी छोड़ने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी नहीं छोड़ा गया तो किसानों का आंदोलन और तेज किया जाएगा।