टायर पंचर बना मौत का कारण: बस स्टॉप से टकराई कार, किसान नितिन त्यागी की दर्दनाक मौत

टायर पंचर बना मौत का कारण: बस स्टॉप से टकराई कार, किसान नितिन त्यागी की दर्दनाक मौत

सोनीपत( भा. सं.)। जिले के गांव जैनपुर टिकोला में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। गांव के 34 वर्षीय किसान नितिन त्यागी की कार दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि परिवार की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार नितिन त्यागी अपनी मारुति ब्रेजा कार से जा रहे थे। जब वह लार्डसोली टोल टैक्स से पहले पहुंचे तो अचानक कार का टायर पंचर हो गया। तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रह पाया और कार सड़क किनारे बने बस स्टॉप से जा टकराई। टक्कर बेहद जोरदार थी, जिससे नितिन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

नितिन त्यागी खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस घटना को और भी दर्दनाक इसलिए माना जा रहा है क्योंकि करीब आठ महीने पहले नितिन के बड़े भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। लगातार दो भाइयों की सड़क हादसों में मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

गांव जैनपुर टिकोला में शोक की लहर है। ग्रामीण इसे परिवार के लिए ऐसा घाव बता रहे हैं, जिसे भरने में लंबा समय लगेगा।